पंजाब सीएम भगवंत मान आज जायेगें शहीद जवान अजय सिंह के घर, परिवार से करेगें दुख सांझा
छह बहनों का इकलौता भाई था अजय सिंह
चंडीगढ, 25 जनवरी: (विश्ववार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्रत्री भगवंत मान आज शहीद जवान अजय सिंह के घर जाएंगे और परिवार से दुख सांझा करेंगे। शहीद अजय सिंह छह बहनों का इकलौता भाई था। इस दौरान शहीद के परिवार को पंजाब सरकार की तरफ से 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि का चैक भी दिया जाएगा। बता दें कि अग्नवीर अजय सिंह पिछले दिनों जम्मू में शहीद हो गया था, जिसके बाद परिवार काफी सदमे में है। अजय की मौत की खबर सुनते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई थी। अजय खन्ना के गांव रामगढ़ सरदारां का रहने वाला था।
जिक्रयोग्य है कि डयूटी दौरान शहीद होने वाले जवान के परिवार को पंजाब सरकार की तरफ से 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि मुहैया करवाई जाती है। इसी के तहत आज सी.एम. मान शहीद अजय के परिवार को भी 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि देंगे तथा परिवार से दुख सांझा करेंगे।
छह बेटियों के बाद पैदा हुआ था बेटा
शहीद अजय सिंह के पिता चरणजीत सिंह ने बताया कि छह बेटियों के बाद उन्होंने बेटा पाया था। वे खुद मजदूरी करते थे। कड़ी मेहनत करके बेटे का पालन पोषण किया। पत्नी भी काम करती थी। बेटियां भी प्राइवेट नौकरी करती थीं। बेटा खुद कभी पेंट करने जाता था तो कभी राजमिस्त्री के साथ दिहाड़ी पर जाता था।
12वीं पास करने के बाद फरवरी 2022 में बेटा भर्ती हुआ। अब आस थी कि बेटा परिवार का सहारा बन गया है, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि ऐसे बेटा शहीद हो जाएगा। शहादत पर गर्व है, लेकिन बेटे का दुख कभी नहीं भूला जा सकता।
शहीद अजय ने अगस्त 2023 में परिवार के साथ बर्थडे मनाया था। इस दौरान सेना की वर्दी पहन उन्होंने सैल्यूट भी मारा था। वह अगले महीने यानी फरवरी में घर छुट्टी आने वाले थे।
पिता चरणजीत सिंह ने अग्निवीर भर्ती पर सवाल उठाए। शहीद के पिता ने कहा कि 4 साल के लिए भर्ती किया जाता है। कोई पेंशन और कोई लाभ नहीं है। आज उनका बेटा शहीद हुआ है। बाकी भी जवान देश के बेटे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार को अग्निवीरों को पहले की तरह सभी सुविधाएं देनी चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार से मुआवजे के साथ साथ एक बेटी को नौकरी की मांग की है।
पिछले दिनो गुरुवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे सेना की एक टीम नौशहरा सेक्टर के कलाल इलाके में पोखरा चौकी के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान बारूदी सुरंग में जोरदार धमाका हुआ। मौके पर मौजूद 3 जवान चपेट में आ गए। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान अजय सिंह ने दम तोड़ दिया। बाकी दो जवान सूबेदार धरमिदंर और बलवंत सिंह का इलाज चल रहा है