पंजाब के जालंधर में पुलिस ने किया अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़
चंडीगढ़, 3 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब के जालंधर में पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ किया जो कुरियर एजेंसी के माध्यम से चार देशों में दवाओं की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने इस संबंध में पांच किलोग्राम अफीम के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि इस रैकेट में कई लोग पिछले तीन साल से सक्रिय हैं और करीब दो क्विंटल अफीम विदेश भेज चुके हैं। उन्होंने कहा कि पता चला है कि जालंधर का मनीष उर्फ मनी ठाकुर इस कार्टेल का लीडर है और यूके में रहता है। स्वपन शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि झारखंड से होशियारपुर और जालंधर के कुरियर संचालकों को अफीम भेजी जाती थी और फिर इसे विदेशों में भेजा जाता था।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच के आधार पर पुलिस ने होशियारपुर से अमन को गिरफ्तार किया, जो दो मोबाइल शोरूम चलाता है क्योंकि वह झारखंड से अफीम की डिलीवरी के लिए प्वाइंट मैन था और उसने होशियारपुर में एक पॉश कॉलोनी में एक आलीशान घर बनाया है। इसी प्रकार, उन्होंने बताया कि पुलिस ने जालंधर निवासी सन्नी को भी गिरफ्तार किया है, जिसकी अपनी कुरियर कंपनी है और वह विभिन्न वजन और मात्र में अफीम को पैक करने का काम करता था। स्वपन शर्मा ने कहा कि अंतिम प्राप्तकर्ता का विवरण और पता होशियारपुर के टांडा निवासी शेजल द्वारा प्रदान किया गया था, जो एक कुरियर सेवा भी चलाता है, और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।