दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम मान आज जायेगें रामलला के दर्शन करने
चंडीगढ, 12 फरवरी (विश्ववार्ता) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान राम मंदिर में दर्शन करने के लिए आज अयोध्या मे रामलला के दर्शन करने जाएंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सभाजीत सिंह ने रविवार को बताया था कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को अयोध्या जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल अपने पूरे परिवार के साथ सोमवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अपने परिवार के साथ रामलला मंदिर जाएंगे। सी.एम. केजरीवाल अपने माता-पिता और पत्नी के साथ रामलला के दर्शन करेंगे।
केजरीवाल ने पहले कहा था कि उन्हें 22 जनवरी को होने वाले ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के लिए औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने परिवार के साथ राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करना चाहते हैं और मौका मिलते ही अयोध्या आने की योजना बनाएंगे। केजरीवाल कई बार खुद को हनुमान और श्रीराम का भक्त भी बता चुके हैं।
वरिष्ठ नेता सभाजीत सिंह ने बताया कि पार्टी के दोनों नेता दिल्ली से विशेष विमान से पूर्वाह्न करीब 11 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरेंगे और राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इससे पहले समाजवादी पार्टी को छोडक़र उत्तर प्रदेश के दोनों सदन (विधानसभा और विधान परिषद) के करीब 325 विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा किया और श्रीरामलला का दर्शन पूजन किया था।