STF संग एनकाउंटर में ढेर हुआ कुख्यात माफिया विनोद उपाध्याय
करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे
चंडीगढ, 5 जनवरी (विश्ववार्ता) यूपी एसटीफ ने गोरखपुर के कुख्यात माफिया विनोद उपाध्याय को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सुल्तानपुर में एसटीफ और माफिया के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में माफिया ढेर हो गया। विनोद उपाध्याय के सिर गोरखपुर पुलिस ने एक लाख रुपये इनाम की घोषणा की थी। पुलिस को उसकी जमीन कब्जाने, हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में तलाश थी।
विनोद उपाध्याय मूलरूप से अयोध्या के माया बाजार स्थित उपाध्याय का पुरवा का रहने वाला था। उसका नाम जिले के टॉप-10 माफिया में भी शामिल था। पहले उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था लेकिन बाद में अपर पुलिस महानिदेश जोन अखिल कुमार ने इसे बढ़ाकर एक लाख कर दिया था।
विनोद उपाध्याय ने अपना संगठित गिरोह बना रखा था। उसका यह गिरोह गोरखपुर, बस्ती, संतकबीर नगर और लखनऊ में हत्या समेत कई बड़ी वारदातों में शामिल रह चुका है। इन्हीं अपराधों को लेकर एसटीएफ को उसकी तलाश थी। उस पर करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। माफिया विनोद उपाध्याय के तीन साथियों को पुलिस ने अगस्त महीने में अरेस्ट किया था। उन पर गोरखपुर जिले में फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने और धमकाने के आरोप थे।