भारत की यात्रा पर आएंगे रूसी राष्ट्रपति Vladimir Putin
रूस विदेश मंत्री ने कॉन्फ्रेंस में पुतिन के भारत दौरे की घोषणा की
चंडीगढ़, 27 मार्च (विश्व वार्ता) रूस ने पुष्टि कर दी है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दौरे पर आ रहे हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि व्लादिमीर पुतिन की भारत आने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यूक्रेन युद्ध के बाद राष्ट्रपति पुतिन पहली बार भारत का दौरा करेंगे। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंस में पुतिन के भारत दौरे की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत सरकार के प्रमुख की यात्रा के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। उनकी भारत गणराज्य की यात्रा की वर्तमान में तैयारी की जा रही है।” इस दौरान उन्होंने कहा कि “रूस, भारत जैसी प्रमुख वैश्विक शक्तियों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, जिनके साथ रूस की “विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” है।