भाजपा मुस्लिम लोगों को ‘Saugat-e-Modi” किट करेगी वितरित
चंडीगढ़, 26 मार्च (विश्व वार्ता) भारतीय जनता पार्टी देशभर के 32 लाख मुस्लिम परिवारों को ईद के मौके पर तोहफा देगी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने ‘सौगात-ए-मोदी’ किट बांटने का एलान किया है। ईद पर इन किटों को मस्जिदों के माध्यम से जरूरतमंद मुस्लिमों में बांटा जाएगा। अल्पसंख्यक मोर्चा के 32000 पदाधिकारी 32000 मस्जिदों से जुड़ेंगे। यहां से ही 32 लाख जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद उन्हें यह सहायता दी जाएगी।
इस अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के पास जाकर उन्हें ‘सौगात-ए-मोदी’ की किट प्रदान करेंगे। ये किट ईद, बैसाखी और गुड फ्राइडे जैसे त्योहारों के दौरान बांटी जाएंगी। इस योजना का मुख्य फोकस बिहार विधानसभा चुनाव पर है, जहां पार्टी का प्रयास है कि वे मुसलमानों से निकटता बनाएं।
किट में खाने-पीने की चीजों के साथ-साथ कपड़े, सेंवई, खजूर, ड्राई फ्रूट्स और चीनी होगी। महिलाओं की किट में सूट का कपड़े होगा। वहीं पुरुषों की किट में कुर्ता-पायजामा होगा। सूत्रों के अनुसार प्रत्येक किट की कीमत करीब 500 से 600 रुपये होगी। इस अभियान का उद्देश्य यह है कि गरीब और जरूरतमंद मुसलमान भी अच्छे से ईद मना सके।