संविधान पर चर्चा के दौरान केंद्र सरकार पर बरसे राहुल गांधी
चंडीगढ़, 14 दिसंबर (विश्ववार्ता) राहुल गांधी ने लोकसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान बोलते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और केंद्र पर संविधान पर हमले का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि ‘जब हम संविधान को देखते हैं तो हम देख सकते हैं कि संविधान में महात्मा गांधी, डॉ. आंबेडकर, पंडित नेहरू के विचार दिखते हैं, लेकिन ये विचार कहां से आए? ये विचार भगवान शिव, गुरु नानक, भगवान बासवन्ना, कबीर आदि से आए। हमारा संविधान बिना हमारी प्राचीन विरासत के बिना नहीं बन सकता था।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ‘आप एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। ये संविधान में कहां लिखा है? मुझे दिखाइए। हमारी विचारधारा, इंडी गठबंधन की विचारधारा, वो देश में संविधान की रक्षा करते हैं। आज ये बात सबके सामने है कि राजनीतिक समानता खत्म हो गई है। सामाजिक समानता, आर्थिक समानता नहीं रही। इसलिए हमारा अगला कदम जातीय जनगणना होगा। हम देश को दिखाना चाहते हैं कि आपने किन लोगों का कहां-कहां अंगूठा काटा है। उसके बाद हिंदुस्तान में एक नए तरीके का विकास होगा और नई तरीके की राजनीति होगी।’ राहुल गांधी ने ये भी कहा कि ’50 फीसदी आरक्षण की दीवार भी हम तोड़ेंगे।’