चंडीगढ़, 1 मार्च (विश्ववार्ता) एडवोकेट सरतेज सिंह नरूला पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए हैं। नरूला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रविंदर सिंह रंधावा को हराया। नरूला को 1781 वोट मिले, जबकि रंधावा को 1404 वोट मिले। पूर्व अध्यक्ष विकास मलिक 816 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।अध्यक्ष पद के लिए कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे। एडवोकेट निलेश भारद्वाज को उपाध्यक्ष, एडवोकेट गगनदीप जम्मू को सचिव और भाग्यश्री सेतिया को संयुक्त सचिव चुना गया। वहीं, एडवोकेट हरविंदर सिंह मान को कोषाध्यक्ष चुना गया। इन चुनावों का आयोजन सीनियर एडवोकेट कुलजीत सिंह सिद्धू की अध्यक्षता वाली चुनाव समिति ने किया। कार्यकारिणी के 10 सदस्यों के परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे।
वहीं, दूसरी तरफ बार एसोसिएशन पठानकोट की ओर से प्रधान, उपप्रधान और सचिव पद का चुनाव संपन्न हो गया। सुबह 10 बजे शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया पूरा होने के बाद शाम साढ़े सात बजे नतीजे घोषित किए गए। इसमें प्रधान पद के लिए मृनाल मेहता ने जीत हासिल की। मृनाल मेहता अपने विरोधियों को हराकर 104 वोटों से जीते।