President Draupadi Murmu आज आ रही है हरियाणा, सुरक्षा के कडे हुए प्रबंध
कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रीगण भी होगे शामिल
परोसा जाएगा हरियाणवी और राजस्थानी खाना
चंडीगढ, 10 मार्च (विश्ववार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरियाणा के हिसार जिले के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छठें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए 10 मार्च को आ रहे है। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर है। कार्यक्रम में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रीगण भी उपस्थित रहेंगे।
यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि राष्ट्रपति के 10 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह पहला मौका होगा जब जीजेयू में देश के राष्ट्रपति का आगमन हो रहा है। इससे पहले वह 2023 में हिसार हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आई थीं।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को खास बनाने के लिए कई इंतजाम किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति को दोपहर के भोजन में हरियाणवी और राजस्थानी खाना परोसा जाएगा। लंच में देसी घी का चूरमा, बाजरे की खिचड़ी, मिलेट्स से बनी रोटियां, राजस्थान की केर सांगरी की सब्जी, चावल की खीर, बथुए का रायता, मूंग दाल तडक़ा, लौकी की सब्जी, पालक कोर्न, गाजर मेथी मटर की सब्जी, उबली सब्जी, रेड एंड बाऊन राइस, ग्रीन सलाद और दही और ताजा फल परोसे जाएंगे।
वीसी प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार के मुख्य हॉल में होगा। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट व अंडर ग्रेजुएट की डिग्रियों के अतिरिक्त मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह का ओवरऑल संयोजन परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में 9 फरवरी 2018 से 31 दिसंबर 2024 तक अवॉर्ड की गई 561 पीएचडी की डिग्रियां संबंधित शोधार्थियों को प्रदान की जाएंगी।