Mahakumbh 29वां दिन :
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज संगम में करेंगी स्नान
चंडीगढ़, 10 फरवरी (विश्ववार्ता) प्रयागराज : महाकुंभ 2025 का आज 29वां दिन है।महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आस्था के उमड़ते सैलाब के बीच देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पवित्र स्नान करने आ रही हैं। राष्ट्रपति अक्षयवट एवं बड़े हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगी। उनकी यात्रा को लेकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण, जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।
महाकुंभ में अब तक मौनी अमावस्या पर सर्वाधिक आठ करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया, जबकि 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति पर अमृत स्नान किया। एक फरवरी और 30 जनवरी को 2-2 करोड़ से ज्यादा और पौष पूर्णिमा पर 1.7 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य डुबकी लगाई, इसके अलावा वसंत पंचमी पर 2.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई। मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। महाकुंभ के अभी 17 दिन शेष हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि स्नान करने वालों की संख्या 50 करोड़ पार कर जाएगी।