Haryana में निकायों के लिए मतदान कुछ ही देर मे शुरू
हर मतदाता समझे जिम्मेदारी
सभी निकायों के चुनाव परिणाम एक साथ किए जाएंगे घोषित
चंडीगढ़, 2 मार्च (विश्ववार्ता) हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। कुल 40 स्थानीय निकायों पर वोटिंग होनी है। इनमें से सात निकायों में विभिन्न पदों के लिए उपचुनाव भी होंगे। नौ मार्च को पानीपत नगर निगम के चुनाव होंगे, जिसके बाद 12 मार्च को सभी निकायों के चुनाव परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे
मालूम हो, प्रदेश में 8 नगर निगम हैं, जिनमें से 7 में रविवार को मतदान होना है, वहीं एक नगर निगम पानीपत में बाद में वोटिंग होगी। इसके अलावा 4 नगर परिषद और 21 नगर पालिकाओं के भी प्रधान एवं पार्षदों का चयन होना है। लोकतंत्र में सत्ता की सीढ़ी चुनाव ही होते हैं।
प्रदेश में बीते वर्ष विधानसभा चुनाव हुए थे। इस दौरान जिस प्रकार के राजनीतिक समीकरण बने हुए थे, वैसी स्थिति निकाय चुनावों में नहीं है। गौरतलब है कि निकाय चुनाव महज दो पार्टियों के बीच ही रस्साकशी बनकर रह गए हैं। निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी, जजपा एवं इनेलो की भूमिका सीमित है। जजपा की ओर से तो इन चुनावों के लिए कोई सक्रियता ही नहीं दिखाई दी है, वहीं इनेलो और आम आदमी पार्टी का रिस्पांस भी शीत है। हालांकि कांग्रेस क्योंकि प्रमुख विपक्षी दल है और हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बहुत कांटे की टक्कर में चुनाव हारा है, इसलिए वह इन चुनावों में पुरजोर तरीके से सत्ताधारी भाजपा को चुनौती दे रही है।