थाईलैंड से भारत पहुंचा 266 भारतीयों का एक और जत्था
जानें क्यों किये जा रहे रेस्क्यू
भारत सरकार का संयुक्त प्रयास
चंडीगढ, 13 मार्च( विश्ववार्ता) दक्षिण पूर्व एशिया के कॉल सेंटरों से बचाए गए 266 भारतीय नागरिकों को वापस भारत लाया गया. इससे एक दिन पहले ही 283 भारतीय नागरिकों को सी-17 भारतीय सैन्य विमान से निकाला गया था. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत सरकार ने कल भारतीय वायुसेना के विमान द्वारा 266 भारतीयों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की, जिन्हें दक्षिण पूर्व एशिया में साइबर अपराध केंद्रों से रिहा कराया गया था. सोमवार को इसी तरह 283 भारतीयों को वापस लाया गया. उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावासों ने उनकी रिहाई सुनिश्चित करने और उनके प्रत्यावर्तन को सुविधाजनक बनाने के लिए म्यांमार और थाईलैंड सरकारों के साथ काम किया।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा था कि सरकार म्यांमार सहित विभिन्न दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में फर्जी नौकरी की पेशकश के जरिए भेजे गए भारतीय नागरिकों की रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. मंत्रालय ने कहा कि इन लोगों को बाद में म्यांमार-थाईलैंड सीमा से लगे क्षेत्रों में संचालित घोटाला केंद्रों में साइबर अपराध और अन्य धोखाधड़ी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाया गया।
रणधीर जायसवाल ने आगे बताया कि भारतीय दूतावास ने म्यांमार और थाईलैंड सरकारों के साथ मिलकर इन नागरिकों की रिहाई सुनिश्चित की और उन्हें भारत वापस लाने के लिए पूरी मदद दी। इन देशों के साथ समन्वय करके, उन्हें स्वदेश लाने की प्रक्रिया को पूरा किया गया।