Haryana News: हरियाणा में नगर निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस ने लिया बड़ा एक्शन
कांग्रेस की बागियों पर कार्रवाई, जानिए पूरा मामला
चंडीगढ़, 21 फरवरी (विश्ववार्ता) कांग्रेस को सत्तारूढ़ भाजपा लगातार झटके दे रही है। प्रदेश में चल रहे शहरी स्थानीय निकाय – नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पालिका चुनावों के बीच कांग्रेस के कई नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर चुके हैं। अब कांग्रेस ने ‘दिखावी एक्शन’ करते हुए सात नेताओं को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया है। अहम बात यह है कि इस लिस्ट में उन नेताओं के नाम शामिल हैं, जो कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके हैं।
इससे भी रोचक पहलू यह है कि इस लिस्ट में रादौर के पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी का नाम ही नहीं है। बिशन लाल सैनी भी कांग्रेस छोड़कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में भाजपा ज्वाइन कर चुके हैं। करनाल से दो मुख्यमंत्रियों पहले मनोहर लाल खट्टर और फिर नायब सिंह सैनी के खिलाफ कांग्रेस टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके सरदार तरलोचन सिंह को छह वर्षों के लिए निष्कासित किया है। तरलोचन सिंह भाजपा ज्वाइन भी कर चुके हैं।
हिसार से कांग्रेस टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके रामनिवास राड़ा भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। राड़ा की गिनती पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के करीबियों में होती है। हालांकि इसमें उन नेताओं के नाम शामिल नहीं है, जो भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में विभिन्न वार्डों में अपना नामांकन-पत्र वापस ले चुके हैं। माना जा रहा है कि अब निकाय चुनावों के बाद ही हरियाणा मामलों के नये प्रभारी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक करेंगे ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके।