उत्तर भारत सहित पंजाब मे सर्द बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड
आने वाले दिनों में आसमान में छाएंगे बादल
चंडीगढ़, 6 जनवरी (विश्ववार्ता) : पंजाब मे बदलते मौसम व पहाड़ी क्षेत्रों में शुरू हुई बर्फबारी का प्रभाव मैदानी इलाकों पर भी पड़ने लगा है। जिले में कड़ाके की ठंड ने अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में आए दिन हो रही भारी बर्फबारी के साथ उत्तर दिशा की ओर से आ रही ठंडी हवाओं से पूरा शहर कड़ाके की ठंड के आगोश में आ गया है। स्थिति यह है कि दिन भर आसमान पर घनी धुंध की चादर छाए रहती हैं। रात के समय कोहरा पड़ने के कारण सर्दी का दौर शुरू हो गया है। घने कोहरे के कारण विजीबिल्टी बहुत कम रह गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह के समय न्यूनतम तापमान इन दिनों 5 डिग्री तक पहुंच गया है। सड़कों पर घने कोहरे की चादर छाय रहने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानियां रखने की जरूरत है। सर्द हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं कोहरे व धुंध के कारण जिले के बाहरी क्षेत्रों के साथ-साथ शहर में भी प्रात 10 बजे तक धुंध का प्रभाव देखने को मिला।
घनी धुंध के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा, वहीं दफ्तरी कर्मचारियों, दुकानदारों तथा मजदूरों को भी कोहरे की मार झेलनी पड़ रही है तथा वह अपने कामकाज वाले स्थलों पर निर्धारित समय से कुछ देरी पर पहुंचे। आने वाले दिनों में तापमान में ओर भी गिरावट आएगी और धुंध में भी इजाफा होगा। वहीं विशेषज्ञाों की मानें तो लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही रात्रि 9 बजे के बाद और सुबह 6 बजे से पहले वाहन न चलाए, क्योंकि इस दौरान मुख्य मार्गो पर विजीबिल्टी बहुत कम रहने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सैल्सियस व न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सैल्सियस रहा। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में जहां तापमान में गिरावट होगी, वहीं आसमान में बादल व धुंध की मोटी चादर छाए रहने से सूर्य के दर्शन देर से होने की संभावना है, जिससे लोगों को कंपकंपी का सामना करना पड़ सकता है।