इस मशहूर एक्टर का हुआ निधन, गंभीर बीमारी ने ली जान
साउथ फिल्म इंडस्ट्री मे शोक की लहर
चंडीगढ़, 25 मार्च (विश्व वार्ता) साउथ सिनेमा की दुनिया के मशहूर अभिनेता और मार्शल आर्ट्स के महान कोच शिहान हुसैनी का 24 मार्च 2025 को निधन हो गया। वे लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज चेन्नई के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
शिहान हुसैनी के परिवार ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी और बताया कि उनका पार्थिव शरीर शाम तक उनके बेसेंट नगर स्थित आवास पर रखा जाएगा। परिवार ने इस दौरान शिहान के चाहने वालों से एक विशेष अनुरोध भी किया। एक पोस्ट में कहा गया, “हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि शिहान हुसैनी हमें छोड़कर चले गए हैं। उनका पार्थिव शरीर शाम तक बेसेंट नगर स्थित उनके आवास पर रहेगा।” एक और पोस्ट में परिवार ने शिहान के दोस्तों और शुभचिंतकों से आग्रह किया कि वे अपनी वर्दी में और अगर संभव हो तो अपने धनुष और तीर के साथ शिहान के घर आएं, क्योंकि शिहान हुसैनी खुद भी एक कुशल तीरंदाज थे।