चंद्रबाबू नायडू ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
चौथी बार बने आंध्र प्रदेश के CM, शपथ समारोह में पीएम मोदी मौजूद
चंडीगढ, 12 जून (विश्ववार्ता): चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार आंध्र प्रदेश के सीएम पद की शपथ ग्रहण कर ली हैं। उनके शपथ समारोह में पीएम मोदी मौजूद हैं. ये शपथ समारोह विजयावाड़ा में हो रहा है. वहीं तेलगु फिल्म स्टार पवन कल्याण ने भी मंत्री पद की शपथ ली। तेलुगु देशम विधायक दल और राजग के घटक दलों ने नायडू को अपना नेता चुना था।
नायडू ने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. नायडू ने कहा था, ”आप सभी के सहयोग से मैं (मुख्यमंत्री के रूप में) शपथ ग्रहण कर रहा हूं और इसके लिए मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं.” आंध्र प्रदेश में राजग में तेदेपा, भाजपा और जनसेना शामिल हैं। राजग ने 164 सीट के साथ विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल किया है।
नायडू ने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले घोषणा की कि अमरावती राज्य की एकमात्र राजधानी होगी। एनडीए विधायक दल की बैठक के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने दक्षिणी राज्य के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा है और उन्हें इसका आश्वासन भी मिला है।
आंध्र प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में राज्य की 175 में से 135 सीटें जीतकर चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनी। चुनाव में पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने 21 सीटें जीती हैं और भाजपा को भी आठ सीटों पर जीत हासिल हुई है। वहीं जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी महज 11 सीटों पर सिमट गई है। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में टीडीपी, जनसेना और भाजपा गठबंधन बनाकर चुनाव मैदान में उतरीं थीं।