
केंद्र सरकार ने देश के अगले सेना प्रमुख का किया ऐलान
जानिये उनके बारे में सबकुछ
चंडीगढ, 12 जून (विश्ववार्ता): केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को नया आर्मी चीफ अपॉइंट किया है। वे 30 जून को पदभार संभालेंगे। इसी दिन मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे रिटायर हो रहे हैं। द्विवेदी इस समय वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ हैं। आपको बता दें कि भारत के वर्तमान सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने जा रहा है। अब उपेन्द्र द्विवेदी उनकी जगह लेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी PVSM, AVSM वर्तमान में भारतीय थल सेना के उपप्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। 30 जून को वर्तमान सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे PVSM, AVSM, VSM के रिटायर होने के बाद द्विवेदी उनकी जगह लेंगे। उपेंद्र द्विवेदी को परम विशिष्ट सेवा पदक (पीवीएसएम), अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) और तीन जीओसी-इन-सी प्रशस्ति कार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी का जन्म 1 जुलाई, 1964 को हुआ था। उन्हें 15 दिसंबर, 1984 को भारतीय सेना की इन्फैंट्री (जम्मू और कश्मीर राइफल्स) में नियुक्त किया गया था। उन्होंने करीब 40 साल तक विभिन्न कमान, स्टाफ, अनुदेशात्मक और विदेश में नियुक्तियों में कार्य किया है। उपेन्द्र द्विवेदी ने रेजिमेंट (18 जम्मू और कश्मीर राइफल्स), ब्रिगेड (26 सेक्टर असम राइफल्स), DIG असम राइफल्स (पूर्वी) और 9 कॉर्प्स में सेवाएं दी हैं। उपेंद्र द्विवेदी ने सेना के उप प्रमुख के रूप में नियुक्त होने से पहले 2022-2024 तक महानिदेशक इन्फेंट्री और जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (मुख्यालय उत्तरी कमान) सहित महत्वपूर्ण पदों पर सेवा दी है।