WPL 2025: मुंबई इंडियंस ने दूसरी बार जीता खिताब
दिल्ली कैपिटल्स का तीसरी बार टूटा चैंपियन बनने का सपना
चंडीगढ़, 16 मार्च (विश्व वार्ता): WPL 2025 का फाइनल मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच 15 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया। फाइनल में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने फाइनल में दिल्ली की टीम को 8 रनों से हराया और दूसरी बार इस टर्नामेंट की चैंपियन टीम बनी।
वहीं दूसरी ओर लगातार 3 फाइनल खेलने वाली दिल्ली कैपिटल्स एक बार फिर ट्रॉफी से चूक गई. मुंबई की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 149 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली 141 रन ही बना सकी. खिताबी मुकाबले में मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 44 गेंद में 66 रनों की दमदार पारी खेली। नैट सिवर ब्रंट ने 28 गेंद में 30 रन बनाकर उनका साथ दिया. ब्रंट ने गेंदबाजी में भी योगदान दिया और 4 ओवर में महज 30 देकर 3 विकेट चटकाए और अपनी टीम को विजेता बनाया।
दिल्ली इस मैच को जीत सकती थी लेकिन दिल्ली ने अपनी गलतियों के चलते शुरुआती विकेट गंवाए और वहां से मुंबई की तरफ दबाव को मोड़ना काफ़ी मुश्किल हो गया। मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर की 66 रनों की बेहतरीन पारी और नैट सीवर-ब्रंट के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस सात विकेट पर 149 रन बनाने में कामयाब रही। मुंबई ने फिर बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को नौ विकेट पर 141 रन पर रोक दिया।