PM मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले पहले भारतीय बने
यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय पीएम
मॉरीशस का सर्वोच्च पुरस्कार ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान: पीएम मोदी
चंडीगढ, 12 मार्च (विश्ववार्ता) मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान, द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन से सम्मानित किया जाएगा। मोदी यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय हैं, जो भारत और मॉरीशस के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को मान्यता देता है। यह किसी विदेशी राष्ट्र द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया जाने वाला 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। रामगुलाम ने कहा कि मोदी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले पांचवें विदेशी नागरिक हैं।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब भी मैं मॉरीशस आता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे में अपने ही लोगों के बीच हूं। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत और मॉरीशस के संबंधों में मधुरता बढ़ी है। मॉरीशस के नागरिकों को उनके राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा, मॉरीशस के पीएम ने अभी घोषणा की है कि वे मुझे अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करेंगे। मैं आपके फैसले को विनम्रता के साथ स्वीकार करना चाहता हूं। यह भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान है।
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड प्रदान किया जाएगा। यह कार्ड मॉरीशस और भारत के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा।
भारत और मॉरीशस के गहरे रिश्ते
अपने दौरे से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मॉरीशस हमारा करीबी समुद्री पड़ोसी और हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। यह अफ्रीकी महाद्वीप का प्रवेश द्वार भी है। भारत और मॉरीशस के संबंध इतिहास, भूगोल और संस्कृति से जुड़े हैं। लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था और विविधता का उत्सव हमारे संबंधों को और मजबूत बनाता है।”