BJP Mahila Morcha द्वारा चंडीगढ़ के मलोया और सेक्टर 25 में महिला दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन
चंडीगढ, 8 मार्च (विश्ववार्ता) भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, चंडीगढ़ द्वारा मलोया और सेक्टर 25 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा,
“आज महिलाएँ हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं। भाजपा सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और हमारा लक्ष्य है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने, सशक्त बने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहे।”
इस अवसर पर चंडीगढ़ की मेयर श्रीमती हरप्रीत कौर बबला भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की भूमिका समाज में परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण है और हमें एकजुट होकर उनके अधिकारों और प्रगति के लिए काम करना चाहिए।
इसके अलावा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती हीरा नेगी एवं महिला मोर्चा के प्रभारी श्री कैलाश जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी दी, जो महिलाओं के कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लिए समर्पित हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य महिलाएँ, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रेरणादायक कहानियाँ और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा, चंडीगढ़ ने सभी महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।