चंडीगढ, 6 मार्च( विश्ववार्ता) मौसम ने पलटी मार दी है उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तेज रफ्तार से सर्द सतही हवाएं चल रही है, इसलिए दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में फिर ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक यहां हवाओं का दौर जारी रहेगा।देश की राजधानी में अगले दो से तीन दिनों तक 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है। सुबह के दौरान हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जो दोपहर तक 22 से 24 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान के 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
पृथ्वी पर सूर्य की ऊर्जा के असमान वितरण के कारण गर्म और ठंडी हवाएं चलती हैं। जिन हिस्सों पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं वहां गर्म हवा और जिन हिस्सों पर तिरछी किरणें पड़ती हैं वहां ठंडी हवा चलती है। चूंकि इस समय पश्चिम उत्तर भारत में सूर्य की किरणें तिरछी पड़ रही हैं इसलिए ठंडी हवाएं चल रही हैं।