Punjab Public Relations Department द्वारा महाशिवरात्रि को समर्पित धार्मिक समारोह एवं लंगर
जंगम मंडली ने शिव-पार्वती विवाह की महिमा का किया गुणगान
चंडीगढ, 5 मार्च( विश्ववार्ता)सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पंजाब द्वारा महाशिवरात्रि के पावन पर्व को समर्पित विशेष धार्मिक समारोह और लंगर का आयोजन किया गया।
पंजाब सिविल सचिवालय की बैकसाइड पार्किंग में आयोजित किए गए धार्मिक समारोह की शुरुआत श्री गणेश पूजा से की गई। इसके बाद शिव पुरोहित जंगम जगमेश्वर की जंगम मंडली ने अपने अनूठे और पारंपरिक अंदाज़ में शिव-पार्वती विवाह की महिमा का गुणगान किया। शिव जंगम मंडली द्वारा भगवान शिव की स्तुति में गाए गए भजनों को शिव भक्तों ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ सुना। धार्मिक समारोह का समापन शिव आरती के साथ हुआ।
समारोह के दौरान संगत के लिए दूध और मिठाइयों का अटूट लंगर लगाया गया, जिसमें हज़ारों श्रद्धालुओं ने चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी (मीडिया) आदिल आज़मी, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव मालविंदर सिंह जग्गी, निदेशक विमल कुमार सेतिया एवं अतिरिक्त निदेशक संदीप सिंह गाढ़ा ने भी श्रद्धालुओं को लंगर परोसा। समारोह में भारतीय हॉकी टीम के उप-कप्तान हार्दिक सिंह और खिलाड़ी गुरजंत सिंह (दोनों ओलंपिक पदक विजेता) भी उपस्थित रहे। विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मीडिया कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सेवा की।
इस अवसर पर पंजाब सिविल सचिवालय-1 एवं 2, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा पंजाब विधानसभा के कर्मचारी भी उपस्थित थे।