Modi सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग के उत्थान की गारंटी: Jatinder Pal Malhotra
भाजपा जन संपर्क अभियान के तहत मलोया ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में आयोजित हुई विशेष बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया इलाका निवासियों को संबोधित
चंडीगढ़, 26 फरवरी (विश्व वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के जन संपर्क अभियान के तहत डॉ. भीमराव अंबेडकर नगर की जिला अध्यक्ष रेखा सूद के नेतृत्व में मलोया ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के निवासियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना था।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की हर योजना गरीब, मजदूर, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। भाजपा की नीतियां न केवल देश को आत्मनिर्भर बना रही हैं बल्कि समाज के हर वर्ग के उत्थान की गारंटी भी दे रही हैं।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन धन योजना, स्टैंड अप इंडिया, मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार ये योजनाएं देशभर के लाखों लोगों के जीवन स्तर में बदलाव ला रही हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रदेश भाजपा सचिव संजीव राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष रेखा सूद, जिला उपाध्यक्ष राज कुमार राणा, मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा, उदय राज यादव, भोला सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने मोदी सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
बैठक के दौरान स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिन पर भाजपा नेताओं ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।