इस तारिख को लगातार तीसरे बार पीएम पद की लेंगे शपथ
विपक्षी गठबंधन पर PM का तीखा हमला
चंडीगढ, 7 जून: (विश्ववार्ता): नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुनने के लिए संसद के सेंट्रल हॉल में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक चल रही है, जिसके बाद गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश किया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुने जाने के बाद कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संसदीय दल को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार को सबसे सफल गठबंधन बताया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष और उनके इंडी गठबंधन को जमकर घेरा। उन्होंने ईवीएम को लेकर भी विपक्षी गठबंधन को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
मोदी ने कहा, ”किसी भी बच्चे से पूछो कि लोकसभा चुनाव से पहले किसकी सरकार थी, वह कहेगा एनडीए। नतीजों के बाद किसकी सरकार बनी, वह कहेगा एनडीए। तो हारे कहां से भाई? पहले भी एनडीए, आज भी एनडीए, कल भी एनडीए। 10 साल बाद भी कांग्रेस सौ के आंकड़े को पार नहीं कर पाई। अगर मैं 2014, 2019, 2024 के तीन चुनाव को जोड़ू तो उन्हें जितनी कुल सीटें इन चुनावों में मिली हैं, उससे ज्यादा सीटें हमें इस चुनाव में मिली हैं। इंडी गठबंधन वालों को अंदाज नहीं है। वे पहले तो डूब रहे थे, अब वे तेज गति से गर्त में जाने वाले हैं।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘यह प्रस्ताव केवल यहां बैठे लोगों की इच्छा नहीं है। यह देश के 140 करोड़ लोगों का प्रस्ताव है। यह देश की आवाज है कि पीएम मोदी अगले 5 साल तक देश का नेतृत्व करें।’
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रमुख सहयोगी दल तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री तथा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम का समर्थन किया। नायडू ने इस अवसर पर क्षेत्रीय आकांक्षाओं और राष्ट्रीय हितों का संतुलन बनाकर चलने की जरूरत बताई।
राजग संसदीय दल की बैठक में सहयोगी दल जनता दल-सेक्यूलर के नेता एच डी कुमारस्वामी, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार, हम (एस) के प्रमुख जीतन राम मांझी समेत अन्य सहयोगी नेताओं ने मोदी को राजग का नेता चुनने के वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन किया।