चंडीगढ के लोग लोकल के लिये ही वोकल होंगे किसी बहुरुपिये के लिये नहीं: संजय टंडन
चंडीगढ, 17 अप्रैल (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ में आगामी 1 जून को सातवें चरण में लोकसभा के चुनाव हैं। भाजपा ने दिग्गज नेता और चंडीगढ़ के पूर्व भाजपा अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन को प्रत्याशी बनाया है तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी धुरंधर नेता और केंद्र सरकार में मंत्री रहे मनीष तिवारी को मैदान में उतारा है। टंडन ने चंडीगढ़ में इंडी एलायंस (कांग्रेस-आप) पर सवाल खड़े किये। कहा कि आखिर ये कैसा बेमेल गठबंधन है? जनता को ढग़ने के लिये साथ हो लिये।
यहां जफ्फी डालते हैं। यह अलायंस लोगों को गुमराह करने और भ्रम फैलाने में लगा है। जनता सब देख समझ रही है। अपने प्रतिद्वंदी मनीष तिवारी को संजय टंडन बाहरी बता रहे हैं। उनकी दलील है कि चंडीगढ़ में ये रहते नहीं। शहर से उनका कोई सरोकार नहीं। यहां उनका घर जरूर है जहां कभी कभार आते हैं। चंडीगढ़ की जनता उन्हें कहां ढूंढेगी। कैसे काम करायेगी? मनीष तिवारी सुप्रीम कोर्ट में बतौर एडवोकेट प्रैक्टिस करते हैं। क्या उन्हें लोग सुप्रीम कोर्ट जाकर पकड़ेंगे? लोगों को अपने बीचे का नुमाइंदा चाहिये। संजय टंडन के रूप में उन्हें वह मिल रहा है। लोग लोकल के लिये ही वोकल होंगे। किसी बहुरुपिये के लिये नहीं।