समूचे उत्तर भारत समेत पंजाब, हरियाणा मे भीषण शीतलहर के बीच घने कोहरे की चादर ने मुश्किल किया आम जनजीवन
मौसम विभाग ने उत्तर भारत में मंगलवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन किया घोषित
ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया, दिल्ली में बर्फीली हवा ने दिन में भी बढ़ाई ठिठुरन
चंडीगढ, 4 जनवरी (विश्ववार्ता) इस समय आधा भारत ठंड की भीषण चपेट है जिसको लेकर पूरी तरह से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। पंजाब में भी घना कोहरा व शीतलहर ने आम जन जीवन पूरी तरह से ठप्प कर दिया है इ मौसम विभाग ने उत्तर भारत में मंगलवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन घोषित किया। लेकिन बुधवार को लोगों ने और ज्यादा गलन महसूस की। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान शून्य तक लुढ़कने की होड़ लगाए है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। वहां से आने वाली सर्द हवा दिन का तापमान भी ठंडा कर रही है। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से चार डिग्री कम रहा। सुबह से ही कोहरा छाया रहा। आसमान में बादल छाए रहे, इससे धूप भी अच्छे से नहीं खिली। रात को यह स्थिति और बिगड़ गई। दृश्यता घटने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रादेशिक मौसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी राजधानी में ठिठुरन बढ़ा रही है। बृहस्पतिवार को पारा लुढ़केगा, इस दौरान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्के से मध्यम स्तर पर कोहरा छा सकता है।
रेलवे ने परिचालन कारनों से कई ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 15656 माता वैष्णो देवी-कामाख्या एक्सप्रेस 10 जनवरी से परिवर्तित समय से चलेगी। सात जनवरी से ट्रेन संख्या 12752 जम्मूतवी नांदेड एक्सप्रेस तो आठ जनवरी से ट्रेन संख्या 19028 जम्मूतवी-बांद्रा एक्सप्रेस भी परिवर्तित समय से चलेगी। सात जनवरी से ट्रेन संख्या 22552 जालंधर सिटी-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, पांच जनवरी से अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस के समय में भी परिवर्तन किया गया है। ऐसे में ट्रेन की समय सारिणी देखकर ही यात्री घर से निकलें।