भारत के सबसे बुजुर्ग एशियाई हाथी बिजुली प्रसाद की हुई मृत्यु
89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
चंडीगढ़, 21 अगस्त (विश्ववार्ता) असम के सोनितपुर जिले में भारत के सबसे अधिक आयु के पालतू हाथी की सोमवार को 89 वर्ष की उम्र में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम के चाय बागानों में शाही ढंग से रहने वाले भारत के सबसे बुजुर्ग एशियाई हाथी बिजुली प्रसाद की मृत्यु हो गई है। राजसी जंबो की आयु 89 वर्ष आंकी गई है।
उम्र संबंधी समस्याओं के कारण बिजुली प्रसाद ने विलियमसन मैगर ग्रुप के बेहाली चाय बागान में सुबह करीब 3.30 बजे अंतिम सांस ली। प्रसाद का नाम उनके इंग्लैंड के गुरु ओलिवर साहब ने रखा था। जंबो से जुड़े लोग जिनमें पशु प्रेमी, चाय बागान श्रमिक और स्थानीय लोग भी शामिल थे, राजसी जंबो की मृत्यु पर शोक व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए।
चाय बागान के एक अधिकारी ने कहा, “बिजुली प्रसाद विलियमसन मैगर ग्रुप के लिए गौरव का प्रतीक था। इसे सबसे पहले एक बछड़े के रूप में बरगांग चाय बागान में लाया गया था और बाद में बरगांग चाय बागान को कंपनी द्वारा बेच दिए जाने के बाद इसे यहां स्थानांतरित कर दिया गया।”