भाजपा संविधान,संघीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक नियमों का उल्लंघन कर जनादेश का अपमान कर रही है : आप
आप ने राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण अध्यादेश लाने के लिए भाजपा की निंदा की,कहा- केंद्र सरकार का यह कदम शीर्ष अदालत की अवमानना
2024 के आम चुनाव में बीजेपी का वही हश्र होगा जो दिल्ली में हुआ, जनता इस संविधान विरोधी और लोकतंत्र विरोधी पार्टी को नकार देगी : मलविंदर कंग
चंडीगढ़, 20 मई (विश्ववार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय राजधानी नागरिक प्राधिकरण अध्यादेश लाने के लिए केंद्र सरकार की कड़ी निंदा की और इसे अदालत की अवमानना और लोकतंत्र विरोधी कृत्य करार दिया।
शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि चुनी हुई सरकार को लोकतंत्र के सिद्धांतों के अनुसार अपनी इच्छा के अनुसार स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने की शक्तियां दी जानी चाहिए। भाजपा से यह बात हजम नहीं हो पाई इसलिए दिल्ली की आप सरकार के खिलाफ यह अध्यादेश बदले की भावना के तहत लाया गया। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एकमात्र मकसद है किसी भी तरह केजरीवाल सरकार से उसकी शक्तियों को छीनना।
कंग ने कहा कि मोदी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि उसे जनादेश या शीर्ष अदालत के निर्देश की परवाह नहीं है और वह दिल्ली की चुनी हुई सरकार को दरकिनार कर देगी। साफ है कि मोदी सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से डरती है और उन्हें रोकने के लिए लोकतंत्र की भावना और हमारे देश की संघीय व्यवस्था का उल्लंघन कर रही है। मोदी सरकार का तानाशाही रवैया जनता के जनादेश का सीधा अपमान है जिसने दिल्ली में आप सरकार को 90% से अधिक सीटें दी हैं।
उन्होंने कहा कि इस अध्यादेश के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी नागरिक प्राधिकरण में तीन सदस्य होंगे- दिल्ली के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रधान गृह सचिव। मुख्य सचिव और प्रधान गृह सचिव दोनों को केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त किया जाता है और एलजी इस प्राधिकरण की सिफारिशों के आधार पर निर्णय लेंगे और उनके पास अंतिम शक्ति होगी। साफ है कि बीजेपी एक निर्वाचित मुख्यमंत्री से सारी शक्तियां छीन लेना चाहती है और इन शक्तियों को अपने मनोनीत लोगों को देना चाहती है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की राजधानी के लिए इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता।
2000 रुपये के नोट के विमुद्रीकरण पर टिप्पणी करते हुए कंग ने कहा कि भाजपा एक भ्रमित सरकार है। 2016 में उन्होंने कहा था कि 2000 रुपये के नोट की शुरूआत और 500 और 1000 रुपये के नोटों के विमुद्रीकरण से काला धन खत्म हो जाएगा। अब कह रहे हैं कि 2000 के नोटों के विमुद्रीकरण से काला धन खत्म हो जाएगा। यह पूरा मामला बताता है कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल सााबित हुुई है। कंग ने कहा कि बीजेपी 2024 के आम चुनाव बुरी तरह हारेगी। वे लोगों की आवाज को दबाने में कभी सफल नहीं होंगे। देेेश के आम लोग अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के साथ हैं।