पहाडो मे लगातार हो रही भंयकर बारिश से फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर
खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना, दिल्ली को बाढ़ के कारण करोड़ों का नुकसान
चंडीगढ़, 16 अगस्त (विश्ववार्ता) दिल्ली मे एक बार फिर बाढ के हालात बन गये है, यमुना नदी के जलग्रहण क्षेत्र में गत दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से दिल्ली में नदी का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। केंद्रीय जल आयोग के एक अधिकारी के अनुसार, पुराने रेलवे ब्रिज के पास यमुना का जल स्तर मंगलवार अपराह्न तीन बजे चेतावनी के निशान 204.50 मीटर को पार कर गया और रात 10 बजे तेजी से बढक़र यह 205.39 मीटर तक पहुंच गया।
दिल्ली को जुलाई के मध्य में अभूतपूर्व जलभराव और बाढ़ से जूझना पड़ा था। इतना ही नहीं, यमुना का जल 13 जुलाई को 208.66 मीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। दिल्ली में बाढ़ के कारण 27,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। बाढ़ के कारण करोड़ों का नुकसान हुआ है।