पंजाब व हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों के 16 किसान संगठनों द्वारा आज से चंडीगढ़ में धरने का बडा ऐलान
चंडीगढ़ में एंट्री के रास्ते सील, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात,साढ़े पांच हजार जवान तैनात
प्रवेशद्वारों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ हथियारों से लैस रिजर्व फोर्स के जवान तैनात
चंडीगढ़, 22 अगस्त (विश्ववार्ता) पंजाब व हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों के 16 किसान संगठनों द्वारा आज से चंडीगढ़ में बडे धरने का ऐलान किया है। वही किसानों के धरने के ऐलान के बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए तैयारियां कर ली है चंडीगढ़ पुलिस ने पंचकूला और मोहाली से लगते शहर के 27 प्रवेशद्वार सील कर दिए हैं. इन प्रवेशद्वारों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ हथियारों से लैस रिजर्व फोर्स के जवान तैनात किए गए है।
चंडीगढ़ पुलिस किसानों को बॉर्डर पर ही रोकने की योजना बना रही है। हालाकि पंजाब और हरियाणा में चंडीगढ़ आने वाले कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
किसानों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सीमाओं पर चार हजार और मोहाली पुलिस ने 1500 पुलिसर्मियों की ड्यूटी लगाई है। पुलिस के आला अधिकारियों ने सोमवार को शहर के सभी प्रवेशद्वारों की जांच की। किसानों को शहर में दाखिल होने से रोकने के लिए सभी डिवीजन के डीएसपी की जिम्मेदारी लगाई है।
बता दें कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की कुल 16 किसान संगठनों ने ट्रैक्टर रैली और चंडीगढ़ घेराव का आह्वान किया है। जानकारी के मुताबिक करीब 10 हजार किसानों के चंडीगढ़ की ओर कूच करने की योजना है। चंडीगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर एरिया में रैपिड एक्शन फोर्स, इंडो-तिब्बतन बार्डर पुलिस, सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स के अलावा चंडीगढ़ पुलिस के जवान तैनात कर दिए हैं। एसएसपी कंवरदीप कौर ने साफ कर दिया है कि किसी भी हाल में किसानों को शहर में घुसकर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में उन्हें रोकने के लिए ज्यादा से ज्यादा फोर्स तैनात की जाएगी।