इसरो के चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल आज शाम को चंद्रमा की सतह पर उतरने को तैयार
दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कराने वाला बनेगा भारत पहला देश
चंडीगढ़, 23 अगस्त (विश्ववार्ता) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्र मिशन के तहत चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) आज शाम को चंद्रमा की सतह पर उतरने को तैयार है। प्रक्षेपण के 22 दिन बाद चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग होगी। इसके साथ ही भारत इतिहास रच देगा और ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। इतना ही नहीं चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कराने वाला भारत पहला देश बनेगा।
लैंडिंग से पहले इसरो ने अपनी तैयारी भी पूरी कर ली है। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की टीम ने इस बार सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान, ‘लास्ट मिनट्स ऑफ टेरर’ के जोखिम को लगभग खत्म कर दिया है। लैंडिंग के वक्त वे सभी विकल्प मौजूद रहेंगे, जिनका इस्तेमाल किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग के लिए किया जा सकता है। इस बीच हमें जानना जरूरी है कि आखिर चंद्रयान-3 मिशन क्या है? कहां उतरेगा चंद्रयान-3? क्या लैंडिंग की जगह अंतिम समय में बदली जा सकती है?