अर्जुन अवार्डी डीएसपी दलबीर सिंह की हत्या मामले पुलिस को बडी सफलता
पुलिस ने हत्यारे को पिस्तौल सहित किया गिरफ्तार
चंडीगढ़, 4 जनवरी (विश्ववार्ता) अर्जुन अवार्डी डीएसपी दलबीर सिंह की हत्या मामले पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। जानकार सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डीएसपी के हत्यारे ऑटो चालक को पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस ऑटो में डी.एसपी. दलबीर सिंह बैठ कर निकला था उसी ऑटो ड्राइवर ने वारदात को अंजाम दिया है। उसी ने डी.एस.पी. के सिर में गोली मारी। पुलिस ने आज सुबह आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है। आरोपी जिला देहात पुलिस के इलाके लांबड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने गहराई से जांच करते हुए सी.सी.टी.वी. को खंगाला तो वर्कशाप चौक में लगे कैमरे में आरोपी कैद हुआ था। पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज देखने के बाद हरकत में आई और जांच तेज कर दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जल्द इसे लेकर जालंधर के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा प्रेसवार्ता कर जानकारी साझा करेंगे। आरोपी को जल्द पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। फिलहाल आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
सूत्रों से ये भी जानकारी मिली है कि आरोपी ऑटो चालक ने इस दौरान वर्कशाप चौक के पास ही स्थित मामे के ढाबे से शराब पी थी। शराब पीने के दौरान डीएसपी द्वारा ऑटो चालक को गालियां निकालने पर वह गुस्से में गया और उसने डीएसपी को मौत के घाट उतार दिया। इससे पहले डीएसपी दलबीर सिंह ने ऑटो चालक पर पिस्टल भी तानी थी। डीएसपी की पिस्टल से ही ऑटो चालक ने उसके सिर पर गोली मारकर उसकी हत्या की थी।